April 18, 2014

आभार

न लब्ज़ सुना होता, न जाम पिया होता,
सिरा मेरी जिंदगी का, तुमसे यूं न जुड़ा होता,
मैं पा लेती, कुछ खोकर,
मैं खो जाती, कुछ पाकर,
भरपूर मेरा जीवन ऐसे न हुआ होता,
जो सांस मेरा तेरा कुछ यूं न जुड़ा होता...

रिश्तों की क्वायद में,
मैं छोटी ही रहती शायद,
दिल का मेरे इस जग में,
कोई न हुआ होता,
जो द्वार तेरे मेरा पथ यूं न मुड़ा होता...

उजरे से चमन को जो,
मयख़ाना न बना देते तुम,
पत्थर आगोश में लेकर,
पयमाना न बना देते तुम,
अंधेरी सी राहों मे यूं उजाला न हुआ होता,
पाकीज़ जहां मे कुछ यूं, मोहब्बत न हुआ होता...
                                            -अपर्णा


April 13, 2014

अंश मुझमें


मन वीणा के प्राण पूजित
तार कैसे तोड़ दूँ मैं
राह कैसे मोड़ लूँ मैं..?

वो मिट्टी जिसने जन्म दिया,
वो अंबर जिसने प्राण दिया,
वो सब यादें, वादे, राहें,
जिसने जीने का ज्ञान दिया,
इन सब से मुख मोड़ूं कैसे ?
इन सब को मैं छोड़ूं कैसे ?

उन काँटों का भी ऋण है मुझपर,
कलियों, पंखुरियों, से ज़्यादा,
जिस सब ने सिखलाया मुझको,
फंसकर, गिरकर, फिर उठ जाना...

उन भावों को भूलूं कैसे..?
जिसने मेरा सत्कार किया,
उन द्वारों को बिसरूं कैसे..?
जिसने  मुझको दुत्कार दिया,

उन चोटों को दफ़नाऊ कहाँ..?
जिसने बस नही प्रहार किया,
आया जब था तब बेढब था,
चोटों ने ही आकर दिया...

ये सब आये और चले गये..
लेने से ज़्यादा ही देकर,
मैं खरा दोराहे पर सोचूं,
सबका ऋण कंधो पर लेकर..

किससे भागूं और कहाँ चलूं..?
क्या-क्या बिसरूं किस राह बढ़ूं..?
जिस सब से अबतक भाग रहा,
वो सब तो मेरे अंदर है..
मुझमें मुझ इतने रमे हुए,
इनसे ही तो ये जीवन है...


                                                   -अपर्णा
                            


April 07, 2014

किताबों की बेटी


     
ख़यालों की रोटी से किताबों की बेटी
पलकर बड़ी जब हुई हँसती-रोती,
न देखी थी दुनिया,न खेली थी गुड़िया,
न संगी और साथी थे गीता और मुनिया,
ख़यालों में उड़ना, उन्हीं में ठहरना,
बना ली थी उसने अजब सी अपनी दुनिया,

उसी में लहकती उसी में महकती
उसी में थी रोती, उसी में चहकती,
न जाना था उसने दुनिया की माया,
न समझा था उसने अपना पराया,

दुरागत, देसी, परदेसी,
सबसे अपनापन था उसका,
इंसानो के साथ जिये, 
एक हीं अरमान था दिल का,

सबसे मिलकर, सबमें मिलकर,
इंसानों में रमना चाहती थी,
अपनी पूँजी, अपनी दुनिया, 
अपने ख़याल बाँटना चाहती थी,

भूली थी वो दुनिया है अलग
तो नियम तरीके और चलन,
ये सब भी होंगे अलग-अलग.....

पागल सा था उसका वो मन
सपनों के महल बनाता था,
हक़ीकत की आँधी ऐसी,
हर बार महल ढह जाता था,

हर बार महल के बिखरने से
उसका अस्तित्व बिखरता था,
हर बार बिखर कर जुड़ने पर 
क्या उसमें कुछ निखरता था ?

हर बार महल बनकर टूटा
उसका अस्तित्व भी चूर हुआ,
किसके कंधे सिर रख रोए ?
हर कोई उससे दूर हुआ,

जो कहते थे की अपने हैं
उस सब ने उसको ठुकराया,
जिस-जिस से अपनापन चाहा 
कोई भी समझ नही पाया, 

कोई क्यों उसकी आवाज़ सुने,
क्यों कोई उससे प्यार करे ?
इस इंसानों की दुनिया में
कोई क्यों उसके साथ जिये ?

दुनिया का उसका रंग नहीं,
जीने का उसको ढंग नहीं,
किताबों की बेटी है वो,
मानवता की है उपज नही !

है कसूर यही उसका की वो 
इंसानों में है इंसान नही,
किताबों सी दुनिया चाहती है,
उसकी बुनियाद समाज नही,

हर जगह से टूटती हुई, 
जिंदगी ढूँढती हुई,
हर पल वो सोचा करती है......
ख्वाब भी चुभते हैं अब तो, 
और दुनिया भी दंश ही देती है......
                                                            - अपर्णा